रीवा में नगर निगम ने ढहाया 100 साल पुराना जर्जर मकान, बारिश में फंसे थे 10 लोग

Tuesday, 22 July 2025

/ by BM Dwivedi

नगर निगम ने वार्ड क्रमांक 36 में स्थित एक सौ साल पुराने जर्जर मकान को ध्वस्त कर दिया। यह वही मकान था, जो 18 जुलाई को हुई तेज बारिश के दौरान गिरते-गिरते बचा था। बारिश के कारण मकान की सीढ़ी और कुछ हिस्से टूटकर गिर गए थे, जिससे घर में रहने वाले 10 लोग अंदर फंस गए थे। घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर में पहुंचाया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान की जर्जर हालत को देखते हुए बड़ा हादसा टल गया। घटना के पांच दिन बाद, आज सुबह नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान को पूरी तरह ढहा दिया।

नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े ने बताया कि शहर में कई जर्जर भवनों को चिह्नित किया गया है और उनकी सुरक्षा के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा, "लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए शासन के निर्देश पर ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं।"आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में अन्य जर्जर भवनों को भी गिराने की कार्रवाई की जाएगी ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved