शहडोल में ब्रेक फेल बस को ट्रक ड्राइवर ने रोका, 50 कांवड़ियों की बची जान

Sunday, 20 July 2025

/ by BM Dwivedi


शहडोल: रायपुर से मैहर जा रही कांवड़ियों से भरी एक यात्री बस रविवार तड़के शहडोल जिले के पतखई घाट पर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बस के ब्रेक अचानक फेल होने से उसकी रफ्तार अनियंत्रित हो गई थी। बस में 50 से अधिक कांवड़िए सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

ट्रक ड्राइवर की सूझबूझ से टला हादसा
घटना के दौरान बस ड्राइवर ने सामने से आ रहे ट्रक को देखकर इशारा किया और आवाज देकर ट्रक ड्राइवर को सतर्क किया। ट्रक ड्राइवर ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए अपनी ट्रक को बस के सामने रोक दिया, जिससे बस की रफ्तार थम गई और एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे में बस का आगे का कांच टूट गया, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सिंहपुर थाना प्रभारी मुन्ना लाल राहंगडाले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी कांवड़ियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। थाना परिसर में यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई और दूसरी बस उपलब्ध होने तक उन्हें वहां आराम करने दिया गया। बाद में सभी कांवड़ियों को दूसरी बस से उनकी यात्रा के लिए रवाना किया गया।

ट्रक ड्राइवर की बहादुरी की सराहना
कांवड़ियों ने ट्रक ड्राइवर की सूझबूझ और साहस के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने भी ट्रक चालक की तत्परता की प्रशंसा की, जिसके कारण कई लोगों की जान बच गई।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved