मऊगंज में दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प, 8 घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

Sunday, 20 July 2025

/ by BM Dwivedi

मऊगंज: जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव में शनिवार रात 10 बजे दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हिंसक विवाद हो गया। चतुर्वेदी और गौतम परिवार के बीच हुई इस झड़प में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के 8 लोग घायल हो गए।

लाठी-डंडों से हमला, बुजुर्ग-महिलाएं भी चोटिल
घटना की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। चतुर्वेदी परिवार से वीरेंद्र (38), राजधर (45), लोकनाथ (58) और सिद्धार्थ (26) घायल हुए। उनका दावा है कि वे दुकान के पास बैठे थे, तभी उन पर अचानक हमला किया गया। वहीं, गौतम परिवार से राज नारायण शर्मा (70), आशा शर्मा (65), ओंकार गौतम (39) और ओमप्रकाश गौतम (22) को चोटें आईं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक साल से चल रहा है विवाद
गौतम परिवार के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच एक साल से विवाद चल रहा है, जिसकी शिकायत पहले भी थाने में दर्ज की गई थी। समझौते के लिए दबाव बनाए जाने के बावजूद माहौल तनावपूर्ण रहा, जो इस हिंसक घटना का कारण बना।

पुलिस ने दर्ज किए बयान, जांच शुरू
नईगढ़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved