Mauganj News: बहकावे में आकर नाबालिग चोरी की वारदातों को देता था अंजाम, वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश

Sunday, 20 July 2025

/ by BM Dwivedi

मऊगंज जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए हनुमना पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड मुस्ताक खान उर्फ मकसूद (53 वर्ष, निवासी मसूराबाद, जबलपुर, हाल मुकाम मऊगंज और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें, छह वाहनों के पुर्जे, और वाहन काटने में उपयोग होने वाले कटर बरामद किए हैं।

हनुमना पुलिस को खटखरी गांव में चोरी की बाइक बेचने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी अनिल कांकड़े ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर एक नाबालिग को पकड़ा, जिसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में नाबालिग ने मुस्ताक खान को बाइक बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मुस्ताक के ठिकाने पर छापेमारी की, जहां बड़ी संख्या में चोरी की मोटरसाइकिलें और कटी हुई बाइकों के पार्ट्स बरामद हुए।

जांच में खुलासा हुआ कि मुस्ताक नाबालिग को 5,000 रुपये का लालच देकर वाहन चोरी करवाता था और फिर इन वाहनों को काटकर उनके पुर्जे बेचता था। मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि पैसों के लालच में नाबालिग मुस्ताक के बहकावे में आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, और पुलिस अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ जारी रखे हुए है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, "जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इस कार्रवाई में सात मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, और आगे भी संलिप्त अन्य अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved