रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और लूट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता दीपा सिंह, पति राजेंद्र सिंह, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मैदानी, रीवा (मूल निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश) ने दो आरोपियों, नीरज साहू और प्रिंस सेन, निवासी पडरा, रीवा, पर जबरन छेड़छाड़, चाकू से हमला और डेढ़ लाख रुपये की सोने की चैन छीनने का आरोप लगाया है।
पीड़िता दीपा सिंह ने बताया कि 11 जून 2025 को सुबह करीब 10:50 बजे वह मैहर से रीवा लौट रही थीं। रेलवे ब्रिज के पास सांची डेयरी गोडहर मोड़ पर बस से उतरकर अपने माता-पिता के घर जा रही थीं। तभी नीरज साहू और प्रिंस सेन ने पहले से ताक लगाकर उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। प्रिंस सेन ने उनका हाथ पकड़कर खींचा, और विरोध करने पर नीरज साहू ने उनके सीने पर हाथ लगाया और कपड़े खींचने की कोशिश की। दीपा के विरोध पर आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और नीरज साहू ने चाकू से उनके बाएं हाथ की कलाई पर हमला किया, जिससे गंभीर चोट लगी। इस दौरान दीपा ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। मौके का फायदा उठाकर आरोपी दीपा की डेढ़ लाख रुपये की सोने की चैन छीनकर फरार हो गए।
घायल अवस्था में दीपा सिंह ने चोरहटा थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय बिछिया में एमएलसी और प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। इसके बाद उन्हें महिला वन स्टॉप सेंटर, चिरहुला कॉलोनी में छोड़ दिया गया, जहां वह रातभर रुकीं। अगले दिन उनके माता-पिता के आने पर वह घर जा सकीं।
दीपा ने बताया कि चोरहटा थाने में मुंशी ने पहले शिकायत दर्ज करने से मना किया, लेकिन रात 9 बजे के बाद शिकायत दर्ज की गई। इसके बावजूद, पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं, और वे दीपा और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
दीपा सिंह ने आईजी को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। दीपा ने कहा कि आरोपी सरहंग किस्म के हैं और आए दिन अपराध को अंजाम देते हैं, जिससे वह डरी-सहमी हैं।
इस मामले में चोरहटा थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
No comments
Post a Comment