रीवा जिले के मनगवां में एक दिल दहलाने वाली घटना में मां प्रिया गुप्ता ने अपने ढाई महीने के बेटे लक्ष्य उर्फ धैर्य गुप्ता की गला दबाकर हत्या कर दी थी। यह घटना 6 जनवरी 2023 की है, लेकिन दो साल बाद मंगलवार, 6 जुलाई 2025 को पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।मृतक बच्चे के पिता प्रकाश गुप्ता ने दो साल तक इंसाफ के लिए संघर्ष किया। उन्होंने पुलिस को एक मोबाइल रिकॉर्डिंग सौंपी, जिसमें प्रिया ने अपने बेटे की हत्या की बात कबूली थी। भोपाल की फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) से रिकॉर्डिंग की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर मनगवां पुलिस ने प्रिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।पुलिस पूछताछ में प्रिया ने बताया कि घटना वाली रात वह अपने देवर राकेश गुप्ता की गाली-गलौच से परेशान थी। पति प्रकाश से संपर्क न होने पर गुस्से में उसने बच्चे को दूध पिलाया, जिसने उल्टी कर दी। इससे नाराज होकर उसने बच्चे का मुंह करीब 5 मिनट तक दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रिया ने कबूला कि बच्चे के छटपटाने पर भी उसने हाथ नहीं हटाया और बाद में शव को कम्बल से ढक दिया।एसपी विवेक सिंह ने बताया कि प्रकाश गुप्ता ने शुरुआत से ही पत्नी पर शक जताया था, लेकिन प्रिया ने झूठी कहानी बनाकर सभी को गुमराह किया। प्रकाश के लगातार प्रयासों और सबूतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। अदालत में पेशी के बाद प्रिया को केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया।
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि 2023 में बच्चे की मृत्यु का प्रकरण दर्ज था, लेकिन तब पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया था। हाल ही में मिले साक्ष्यों और पीआई वर्कर की मेहनत से मामले का खुलासा हुआ। महिला ने कबूला कि झगड़े और बच्चे के लगातार रोने से परेशान होकर उसने उसका मुंह दबा दिया, जिससे बच्चे की मृत्यु हो गई। उसने घरवालों से बहाना बनाया कि बच्चा बीमार था या अचानक उसकी मौत हो गई, जिसे सभी ने मान लिया।पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह मामला पूरी तरह से घरेलू विवाद से जुड़ा है, और पुलिस ने इसकी गहन जांच शुरू कर दी है।
No comments
Post a Comment