रीवा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के उपरहटी मोहल्ले में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब लगातार बारिश के बीच भागवत चौरसिया के पुराने मकान की अंदरूनी सीढ़ियां अचानक क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना के कारण मकान के ऊपरी हिस्से में तीन लोग और निचले हिस्से में चार लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी सात लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, मकान की सीढ़ियां पूरी तरह ढह गई थीं, जिससे ऊपरी मंजिल तक पहुंचना असंभव हो गया था। निचले हिस्से में फंसे चार लोगों में से दो पैरालिसिस से ग्रसित थे, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया। ऊपरी मंजिल पर फंसे तीन लोगों को खिड़की की ग्रिल काटकर सुरक्षित निकाला गया। एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई।स्थानीय पार्षद के अनुसार, यह मकान पहले से ही जर्जर घोषित किया जा चुका था और इसका मुआवजा भी दिया गया था। मकान मालिकों ने बताया कि मकान की मरम्मत के लिए सहमति न मिलने के कारण यह स्थिति बनी। घटना सुबह 7:30 से 8:00 बजे के बीच हुई।एसडीआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ने बताया कि उनकी टीम ने बैटरी चालित कटर से खिड़की काटकर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। यह उनकी उस दिन की चौथी रेस्क्यू कार्रवाई थी। सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।

No comments
Post a Comment