Satna News: सड़क की कमी बनी मौ#त का कारण, महिला की रास्ते में मौ#त, स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल

Saturday, 12 July 2025

/ by BM Dwivedi


सतना के नागौद विकासखंड के द्वारी ग्राम पंचायत के हनुमान टोला में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी ने एक महिला की जान ले ली। शनिवार को भूरा चौधरी की 65 वर्षीय पत्नी कल्ली बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कच्चे रास्ते और बारिश के कारण कीचड़ होने से कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। परिजन और ग्रामीण उन्हें खाट पर लेकर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कल्ली बाई ने दम तोड़ दिया।

हनुमान टोला, जो द्वारी खुर्द और ररा गांव के बीच स्थित है, में करीब 15 परिवार रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 78 साल बाद भी इस क्षेत्र में पक्की सड़क नहीं बनी है। एक दशक पहले तत्कालीन सरपंच सुभद्रा गौड़ ने रोजगार गारंटी योजना के तहत मिट्टी का रास्ता बनवाया था, लेकिन उसके बाद कोई विकास कार्य नहीं हुआ। बारिश में खेतों के बीच का यह कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे बीमारों और गर्भवती महिलाओं को खाट पर ले जाना पड़ता है।शनिवार को कल्ली बाई की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। 500 मीटर के कच्चे रास्ते ने स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को असंभव बना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं आम हैं, जहां सड़क की कमी के कारण समय पर इलाज नहीं मिल पाता। यह क्षेत्र रैगांव विधानसभा में आता है, जहां से भाजपा विधायक और प्रदेश की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी हैं। ग्रामीणों ने मंत्री के क्षेत्र में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की कमी पर रोष जताया और प्रशासन से तत्काल पक्की सड़क निर्माण की मांग की है।इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की कमी को उजागर किया है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि ऐसी त्रासदी को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं और सड़क निर्माण के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाए।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved