सतना: सतना में पिछले 18 घंटों से हो रही लगातार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति ने एक बड़ा हादसा कर दिया। गुरुवार शाम रेलवे कॉलोनी के मनोरंजन सदन के पीछे एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों के शवों को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
यह घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की है। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय नितिन कुशवाहा और 16 वर्षीय अमन भट्ट के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से गड्ढे में काफी पानी भर गया था। मौके पर दोनों के कपड़े और जूते मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों दोस्त नहाने के लिए गड्ढे में उतरे थे और गहराई का अंदाजा न लगने के कारण डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शाम करीब 5:45 बजे पहले नितिन कुशवाहा का शव मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी जारी रखी और करीब 6:45 बजे अमन भट्ट के शव को भी बाहर निकाल लिया।
हादसे के बाद से ही दोनों परिवारों में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अमन के पिता पिंटू भट्ट रेलवे स्टेशन सतना के सीएंडडब्ल्यू विभाग में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि अमन ने हाल ही में 11वीं कक्षा में एडमिशन लेने की तैयारी की थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments
Post a Comment