रीवा। भारत की सबसे बड़ी और पसंदीदा लो-कॉस्ट एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने मध्य प्रदेश में अपनी कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। एयरलाइन 22 दिसंबर 2025 से इंदौर (Indore) और रीवा (Rewa) के बीच नई, रोज़ाना, डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू कर रही है। यह पहली बार होगा जब इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इंडिगो इन उड़ानों के लिए अपने ATR-72 एयरक्राफ्ट का उपयोग करेगी, जिसका उद्देश्य यात्रियों को किफायती दामों पर परेशानी-मुक्त और समयबद्ध यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।
मध्य प्रदेश में इंडिगो का छठा स्टेशन बना रीवा
रीवा, इंडिगो का मध्य प्रदेश में छठा डेस्टिनेशन होगा। एयरलाइन पहले से ही भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और खजुराहो जैसे शहरों में सफलतापूर्वक सेवाएं दे रही है। इंडिगो के हेड ऑफ ग्लोबल सेल्स, विनय मल्होत्रा ने इस अवसर पर कहा, "हमें इंदौर और रीवा के बीच रोज़ाना डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह कदम मध्य भारत के हार्टलैंड में हमारी मौजूदगी को मजबूत करेगा और टियर-2 व टियर-3 शहरों के बीच बढ़ते ग्रोथ कॉरिडोर को सपोर्ट करेगा।"
रीवा अब सीधे देश के बड़े शहरों से जुड़ेगा
इस नए रूट के शुरू होने से रीवा और पूरे विंध्य क्षेत्र के यात्रियों के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे, जयपुर, भुवनेश्वर, रायपुर, लखनऊ और नागपुर जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। अब यात्रियों को इन शहरों तक पहुंचने के लिए लंबी सड़क यात्रा या कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स की आवश्यकता नहीं होगी।
फ्लाइट शेड्यूल (22 दिसंबर 2025 से प्रभावी)
| सेक्टर | फ्लाइट नं. | दिन | प्रस्थान (Departure) | आगमन (Arrival) |
| इंदौर → रीवा | 6E 7363 | रोज़ाना | 11:30 बजे | 13:15 बजे |
| रीवा → इंदौर | 6E 7364 | रोज़ाना | 13:35 बजे | 15:25 बजे |
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
विंध्य पर्वत श्रृंखला और टोंस नदी के किनारे बसा रीवा अपने व्हाइट टाइगर्स की सफारी, रीवा किला, गोविंदगढ़ पैलेस, बहुती व पुरवा फॉल्स, और देउर कोठार के प्राचीन बौद्ध स्तूप जैसे पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है।माना जा रहा है कि इस नए एयर लिंक से रीवा में पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों में भी तेज़ी आने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा। यात्री अपनी टिकटों की बुकिंग www.goIndiGo.in, इंडिगो मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल एजेंट्स के जरिए अभी से करवा सकते हैं।

No comments
Post a Comment