वैवाहिक आयोजन में शामिल होने के लिए गढ़वाड़ा से रीवा आए एक परिवार के साथ बीती रात गुंडागर्दी का शर्मनाक मामला सामने आया है। शिल्पी प्लाजा से शादी का सामान खरीदकर ऑटो से घर लौट रहे परिवार की ऑटो की साईं मंदिर के पास स्कॉर्पियो से मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने पहले तो ऑटो चालक से विवाद शुरू किया और फिर फोन कर अपने अन्य साथी गुंडे बुला लिए। इसके बाद सभी ने मिलकर परिवार के लोगों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि गुंडों ने महिलाओं और एक बच्ची के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। हमले के दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामा मचा रहा। मौके पर मौजूद लोग भी डर के मारे आगे नहीं आए। आखिरकार पीड़ित परिवार किसी तरह वहां से निकलकर सिविल लाइन थाने पहुंचा और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्कॉर्पियो का नंबर और अन्य सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments
Post a Comment