रीवा से नई दिल्ली के लिए 72-सीटर हवाई सेवा का आज शुभारंभ हो गया। इसके साथ ही डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के अथक प्रयास से विंध्य क्षेत्र के निवासियों के लिए एक और बड़ी सौगात मिल गई है, जिससे अब यहाँ के लोग सीधे राजधानी दिल्ली तक आसानी से पहुंच सकेंगे। शुभारंभ समारोह सुबह करीब 11:35 बजे रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित हुआ, जिसमें उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एलायंस एयर की उड़ान को हरी झंडी दिखाई गई। इस सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा ATR-72 विमान से किया जाएगा।
रीवा से दिल्ली के बीच विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन
रीवा से दिल्ली के बीच विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन चलेगी। अलाइंस एयर एविएशन कंपनी की 72 सीटर फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। दिल्ली से फ्लाइट शाम 5:25 बजे रवाना होकर रात 8:00 बजे रीवा पहुंचेगी। और रीवा से रात 8:25 बजे रवाना होकर रात 10:40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी। रीवा से दिल्ली के बीच विमान सेवा शुरू होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई संदेश भेजा है। पीएम ने अपने संदेश में लिखा- रीवा विमानतल से दिल्ली के लिए प्रथम वाणिज्यिक हवाई सेवा के शुभारंभ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अपने समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध रीवा अब हवाई संपर्क से नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है। रीवा क्षेत्र के साथ यह पूरे मध्य प्रदेश के लिए अत्यंत उत्साह और गर्व का क्षण है। यह नई उड़ान सेवा संपूर्ण विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के एक नए युग का शुभारंभ करेगी।
20 नवंबर से रीवा-इंदौर के बीच इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ानें संचालित होंगी
शुभारंभ कार्यक्रम सुबह 11 बजे रीवा एयरपोर्ट पर शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने भोपाल से वर्चुअली भाग लिया, जबकि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी जुड़े। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि यह सेवा न केवल यात्रा को सुगम बनाएगी, बल्कि विंध्य क्षेत्र की आर्थिक, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगी। इसके अलावा, शीघ्र ही रीवा से इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने वाली है, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइट्स के माध्यम से मुंबई, दिल्ली और अन्य शहरों तक पहुंच आसान हो जाएगी। 20 नवंबर से रीवा-इंदौर के बीच इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ानें संचालित होंगी। रीवा एयरपोर्ट अब विंध्य क्षेत्र के विकास का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है, जो लंबे समय से दिल्ली जैसी महत्वपूर्ण जगहों से सीधी कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे।


No comments
Post a Comment