मध्य प्रदेश के रीवा में 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने जा रहे 'रेवा फिल्म्स फेस्टो 2025' में बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार सोनू सूद शिरकत करने आ रहे हैं। यह पहला मौका होगा जब सोनू सूद विंध्य की धरती पर कदम रखेंगे। कोरोना काल में उन्होंने रीवा आने का वादा किया था, जो अब पूरा होने जा रहा है।तीन दिवसीय इस मेगा इवेंट का आयोजन डेज सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है। फेस्टिवल का थीम है — 'द ग्रेट शोमैन राजकपूर एंड द गोल्डन एज ऑफ इंडियन सिनेमा'। मुख्य आकर्षण 14 दिसंबर को होगा, जब महान फिल्मकार राजकपूर की 101वीं जयंती पर विशेष श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सोनू सूद के अलावा देश-विदेश के कई प्रसिद्ध फिल्मकार, निर्देशक, अभिनेता और संगीत कलाकार शामिल होंगे।
फिल्म स्क्रीनिंग, डांस, म्यूजिक और ग्लैमर नाइट का धमाका
कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में तीन दिनों तक फिल्म स्क्रीनिंग, वर्कशॉप, डांस, म्यूजिक और ग्लैमर नाइट का आयोजन होगा। 'राजकपूर एंड द गोल्डन एज' थीम पर विंध्य से जुड़ी यादों की विशेष फिल्मी प्रदर्शनी भी दर्शकों को देखने को मिलेगी। रीवा से रूस तक संस्कृति और सिनेमा के रिश्तों पर पैनल डिस्कशन होगा। युवा फिल्मकारों और कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए 'यंग क्रिएटर्स कॉर्नर' और 'रेवा फिल्म अवॉर्ड्स 2025' का आयोजन किया जा रहा है।
रीवा और राजकपूर का ऐतिहासिक रिश्ता
रीवा का नाम भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर से गहराई से जुड़ा है। 14 दिसंबर 2015 को रणधीर कपूर ने यहां कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम का भूमिपूजन किया था, जबकि 2 जून 2018 को इसका लोकार्पण हुआ। उस समय भी कई फिल्मी हस्तियां रीवा पहुंची थीं। अब एक बार फिर यह ऑडिटोरियम सितारों की चमक से जगमगाएगा।कोरोना महामारी के दौरान सोनू सूद देशभर में जरूरतमंदों के लिए मददगार बने थे। उन्होंने रीवा आने का वादा किया था, जो अब पूरा हो रहा है। उनका आगमन न केवल फेस्टिवल की शान बढ़ाएगा, बल्कि विंध्यवासियों के लिए यह भावुक और प्रेरणादायक पल होगा।
डिप्टी सीएम की शुभकामनाएं
आयोजकों उदित गर्ग और आशुतोष तिवारी ने बताया कि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा, "डेज सोसाइटी का फिल्म्स फेस्टो 2025 न सिर्फ सिनेमा का उत्सव होगा, बल्कि विंध्य की कला, संस्कृति और क्रिएटिविटी को राष्ट्रीय मंच पर चमकाने का अवसर बनेगा।" 14 दिसंबर को जब सोनू सूद मंच पर होंगे, तो पूरा रीवा उनका स्वागत करने को आतुर रहेगा। यह फेस्टिवल रीवा को सिनेमा की दुनिया में एक नई पहचान देने वाला साबित होगा।

No comments
Post a Comment