सतना सांसद के 'थप्पड़ विवाद' ने पकड़ा तूल, पीड़ित क्रेन ऑपरेटर ने रीवा IG से मांगी सुरक्षा, जबरन बयान दिलवाने का आरोप

Monday, 3 November 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा।  सतना के सांसद गणेश सिंह द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने का विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है। पीड़ित क्रेन ऑपरेटर गणेश कुशवाहा ने न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाते हुए रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) कार्यालय का रुख किया है। नगर निगम की विद्युत शाखा में मस्टर कर्मचारी (संविदा कर्मी) गणेश कुशवाहा ने अपनी आपबीती सुनाते हुए सांसद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या है 31 अक्टूबर की घटना?

गणेश कुशवाहा ने बताया कि यह घटना 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम के दौरान हुई थी। अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए सांसद गणेश सिंह क्रेन (चेरी पिकर) में सवार थे। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि क्रेन की क्षमता से अधिक व्यक्ति उसमें सवार हो गए थे, जिसके कारण क्रेन हवा में अटक गई और संतुलन बिगड़ने से जोर का झटका लगा। झटका लगने से नाराज सांसद ने नीचे उतरते ही सबके सामने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया, जबकि उनका कहना है कि इस तकनीकी खराबी में उनकी कोई गलती नहीं थी।

बंधक बनाने और जबरन बयान का गंभीर आरोप

IG ऑफिस पहुंचे क्रेन ऑपरेटर ने अब और भी सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। गणेश कुशवाहा ने कहा कि "क्रेन में फंसने का दोष मेरा नहीं था, लेकिन सांसद ने सबके सामने अपमानित किया। इसके बाद मुझे बंधक बनाकर जबरन सांसद के पक्ष में बयान दिलवाया गया।" गणेश का आरोप है कि घटना के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें चौराहे पर रोका, पीटा और उन पर दबाव डालकर एक वीडियो बनवाया गया। इस वीडियो में उन्हें सांसद को 'बड़ा भाई' बताते हुए थप्पड़ की बात से इनकार करना पड़ा।

परिवार ने मांगी जान-माल की सुरक्षा

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पीड़ित की पत्नी फूलमती कुशवाहा ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनके परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वे भयभीत हैं। पीड़ित ऑपरेटर के आईजी ऑफिस पहुंचने से यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में गर्मा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved