रीवा कलेक्ट्रेट में अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र पर की गई अभद्र टिप्पणी से समुदाय में तीव्र आक्रोश है।
ज्ञापन राष्ट्रपति, गृहमंत्री, छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री और अन्य उच्च अधिकारियों के नाम संबोधित था। इसमें कहा गया कि बघेल की टिप्पणी से करोड़ों अग्रबन्धुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। महाराजा अग्रसेन समानता, सहयोग और आर्थिक एकता के प्रतीक हैं, जिन्होंने "एक रुपया एक ईंट" सिद्धांत से आर्थिक असमानता दूर करने का अनूठा कार्य किया। ऐसी महान विभूति पर अपमानजनक टिप्पणी असहनीय है।
समाज प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। कलेक्टर ने ज्ञापन स्वीकार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूरे देश में अग्रवाल और सिंधी समाज इस मुद्दे पर एकजुट हो रहा है।

No comments
Post a Comment