रीवा शहर के व्यस्ततम सिरमौर चौराहे पर बीती रात उस वक्त खौफनाक मंजर बन गया जब उषा मेडिकल स्टोर के संचालक परिणय गौरी अपने परिवार सहित शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे उन्होंने अपनी दुकान के शटर के पास एक महिला व एक युवक को संदिग्ध हालत में खड़े देखा। चोरी की आशंका से परिणय गौरी ने उन्हें वहां से हटने को कहा। बस यही बात आरोपियों को बुरी लगी।
परिणय गौरी ने उन्हें बताया कि यह उनकी दुकान है और वे डायल-100 कर रहे हैं। तभी आरोपियों के फोन करने पर मिनटों में 5-6 लोग चाकू व बेल्ट लेकर पहुंच गए और परिवार पर टूट पड़े। परिणय गौरी, उनके बेटे, बेटी और भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। जिससे उनका सिर फट गया और कई जगह गहरे घाव हो गए। बेटी को भी नहीं बख्शा गया। हमलावरों ने बेल्ट से भी बुरी तरह पीटा। घटनास्थल पर अभी भी खून से सनी बेल्टें पड़ी हैं।
सबसे गंभीर बात यह कि डायल-100 मौके पर पहुंचने के बाद भी हमलावरों ने पुलिस के सामने ही मारपीट जारी रखी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस काफी देर बाद पहुंची और पहुंचने पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की। घायल परिणय गौरी, उनके पुत्र, पुत्रवधू, पुत्री व भाई को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

No comments
Post a Comment