रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक किशोरी के साथ रेप का प्रयास और उसके बाद बर्बर मारपीट की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर से सामान लेने निकली किशोरी को आरोपी ने अकेला पाकर निशाना बनाया। रेप में नाकाम रहने पर उसने किशोरी को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह अधमरी हालत में घर के पास ही बगीचे में पड़ी मिली। सोमवार दोपहर तक उसे होश नहीं आया है।
घायल किशोरी को गंभीर हालत में संजय गांधी चिकित्सालय रीवा में भर्ती कराया गया है। सिर और पैर पर गहरे घाव व सूजन के कारण उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि किशोरी रविवार रात करीब 9 बजे घर के पास ही कुछ सामान लेने गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसे ढूंढ़ने निकले तो घर से महज कुछ दूरी पर बगीचे में वह खून से लथपथ अधमरी हालत में पड़ी मिली। कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान थे।
परिजनों ने रेप के प्रयास की आशंका जताई। मामले की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को अस्पताल पहुंचाया। चूंकि अभी तक किशोरी होश में नहीं आई है, इसलिए उसका बयान दर्ज नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

No comments
Post a Comment