Rewa News: रीवा शहर के 60 प्रतिशत क्षेत्र में नल से एक बूंद पानी नहीं आ रहा, जनता हलाकान

Saturday, 29 November 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा शहर में सीवरेज प्रोजेक्ट के ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। समान तिराहा स्थित आदित्य होटल के सामने सीवर लाइन बिछाते समय जेसीबी ने मुख्य पेयजल पाइपलाइन को तोड़ दिया। इसके चलते कुठुलिया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सभी ओवरहेड टंकियों की सप्लाई तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई। नतीजतन, पिछले दो दिनों से शहर के लगभग 60 प्रतिशत क्षेत्र में नल से एक बूंद पानी नहीं आ रहा है। शहर की समान, रतहरा, नेहरू नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, पड़रा, कोठी कम्पाउंड, अस्पताल और पीटीएस टंकी से सप्लाई होने वाले इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। 

पानी की किल्लत जनता के लिए भारी परेशानी बन गई है। नगर निगम के सहायक यंत्री एस.एन. दुबे धोबिया टंकी ने बताया कि पहले सीवर लाइन की जगह पर मिट्टी की फिलिंग की जाएगी, उसके बाद टूटी पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू होगा। उन्होंने दावा किया कि शनिवार शाम तक मरम्मत कार्य पूरा कर पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। नगर निगम की इस लेटलतीफी और ठेकेदार की लापरवाही से लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved