Rewa News: ठेला व्यवसायी की हत्या पर परिजनों का चक्काजाम, एडिशनल एसपी के आश्वासन पर परिजनों ने हटाया शव

Friday, 14 November 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा। करहिया मंडी में ठेला व्यवसायी अखिलेश साहू की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों और साहू समाज के लोगों द्वारा संजय गांधी अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर लगाया गया चक्काजाम एक घंटे बाद समाप्त हो गया। मौके पर पहुंची एडिशनल एसपी आरती सिंह ने पीड़ित परिवार से सीधी बातचीत की, हर संभव मदद का आश्वासन दिया और मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने शव लेकर घर की ओर प्रस्थान किया।

9 नवंबर की घटना: फावड़े से सिर पर वार, उपचार में मौत

घटना 9 नवंबर की है। चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहिया मंडी में ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों साहू समाज और सौंधिया समाज के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। विवाद के दौरान आशुतोष सौंधिया ने फावड़े से अखिलेश साहू के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान 13 नवंबर को उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने पहले ही दर्ज किया मामला, धाराएं बढ़ाईं

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मुकदमा कायम कर लिया था। मौत के बाद हत्या की धाराएं बढ़ा दी गईं। आरोपी आशुतोष सौंधिया फरार है, लेकिन पुलिस की विशेष टीम उसकी तलाश में जुटी है। एडिशनल एसपी आरती सिंह ने कहा, कि यह चोरहटा थाना क्षेत्र की घटना है। दोनों पक्ष ठेला व्यवसायी हैं। विवाद ठेला लगाने को लेकर था। आरोपी ने फावड़े से वार किया। मौत के बाद धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी को लोकेट करने के लिए पूरी फोर्स लगी हुई है। उस दिन से ही प्रयास चल रहा है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चक्काजाम से ठप हुआ था शहर, मची अफरा-तफरी

चक्काजाम शुरू होते ही अस्पताल चौराहे से धोबिया टंकी मार्ग पर यातायात ठप हो गया। महज चंद मिनटों में शहर का आवागमन प्रभावित हो गया। साहू समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और "न्याय दो", "गिरफ्तारी करो" के नारे लगाते रहे। परिजनों ने पहले आरोपी का घर गिराने और पूरे परिवार को पकड़ने की मांग की थी, लेकिन पुलिस के आश्वासन के बाद वे गिरफ्तारी पर सहमत हुए। शव को घर ले जाया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि 24 घंटे के अंदर ठोस कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच तेज कर दी गई है। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved