रीवा का परिवार प्रयागराज में हादसे का शिकार, पति की मौत, पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल

Wednesday, 12 November 2025

/ by BM Dwivedi

 


रीवा/प्रयागराज। रीवा निवासी एक परिवार प्रयागराज इलाज कराने जाते समय भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। प्रयागराज-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर कपारी मोड़ के पास बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे 34 वर्षीय प्रदीप द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में प्रदीप की पत्नी रंजना द्विवेदी और 10 वर्षीय बेटा पवित्र द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा और मौके का मंजर

घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है। रीवा निवासी प्रदीप द्विवेदी अपनी पत्नी और बेटे के साथ इलाज के लिए प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही वे शंकरगढ़ इलाके में कपारी मोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर पहुँचे, प्रयागराज से बांदा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रदीप द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे।

घायलों को प्रयागराज रेफर

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ पहुँचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल (SRN Hospital) रेफर कर दिया गया है।

बस जब्त, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से रीवा और शंकरगढ़ क्षेत्र में शोक का माहौल है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved