Rewa News: रिटायरमेंट पर शिक्षक गंगा प्रसाद पाण्डेय को लिपटकर रोए छात्र, शिक्षक और ग्रामीण, गमगीन हो गया माहौल

Wednesday, 31 December 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा। सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के कररिया स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक गंगा प्रसाद पाण्डेय की सेवा निवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह में भावुक दृश्य देखने को मिला। जैसे ही शिक्षक स्कूल से विदा लेने लगे, छात्र-छात्राएं उन्हें लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। छात्रों को रोता देख शिक्षक भी भावुक होकर रो पड़े। यह नजारा देखकर अन्य शिक्षक और उपस्थित ग्रामीणों की भी आंखें भर आईं और पूरा वातावरण गमगीन हो गया।


गुरु-शिष्य परंपरा की यह मिसाल जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। गंगा प्रसाद पाण्डेय ने शिक्षा विभाग में 42 वर्ष, 10 माह और 4 दिन तक उत्कृष्ट सेवा दी और 30 दिसंबर को सेवा निवृत्त हुए।



विदाई समारोह के मुख्य अतिथि बीईओ शिव कुमार त्रिपाठी और दिनेश प्रसाद मिश्रा रहे, जबकि अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद पांडे ने की। विशिष्ट अतिथियों में गुलाब प्रसाद सोनी, अजय सोनी, हरीश द्विवेदी, अशोक द्विवेदी, पंचराज सिंह और प्रमोद श्रीवास्तव शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन कवि आशीष तिवारी निर्मल ने किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार नामदेव, लल्लू सिंह, महेंद्र सिंह, आरके सिंह और श्रद्धा त्रिपाठी ने सेवानिवृत्त शिक्षक को भावभीनी विदाई दी।इस मौके पर शिक्षक की पत्नी सरोज पांडेय, पुत्र अतुल कुमार पांडेय, इंजीनियर आशुतोष पांडेय, बहूएं, बेटियां सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, समाजसेवी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने गंगा प्रसाद पाण्डेय की समर्पित सेवा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved