सतना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हनुमान चौक के पार्किंग एरिया में देर रात ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की लपटों ने पार्किंग में खड़ी दो कारों को चपेट में ले लिया, जिसमें एक मारुति अर्टिगा और एक मारुति ऑल्टो पूरी तरह जलकर राख हो गईं। दोनों कारों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना शनिवार देर रात करीब 3 बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते लपटें भड़क गईं। आग की चपेट में आने से दोनों कारें कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गईं। जब तक आसपास के लोगों की नींद टूटी और उन्होंने शोर मचाया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, कारों को बचाना संभव नहीं हो सका। ट्रांसफार्मर में आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संभावना है कि शॉर्ट सर्किट या ओवरलोडिंग की वजह से यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और ट्रांसफार्मर की मरम्मत एवं मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया। इस घटना से इलाके में बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही। पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। कार मालिकों का भारी नुकसान होने से मायूसी छाई हुई है।

No comments
Post a Comment