Rewa News : रीवा में अंडे के ठेले पर लूट, संचालक से मारपीट कर 150 ट्रे अंडे फोड़े

Thursday, 15 January 2026

/ by BM Dwivedi


रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरा मोड़ के समीप अंडे का ठेला लगाने वाले युवक के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने ठेले पर रखे करीब 150 ट्रे अंडों को भी फोड़ दिया और दिन भर की बिक्री से जमा 15 हजार रुपये से अधिक नकद छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित साहिल खान ने बताया कि 25 से 35 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। 

घटना बीती देर रात्रि हुई, जब निबोहा गांव निवासी नवीन सिंह, पीयूष सिंह और उनके अन्य साथी ठेले पर पहुंचे। साहिल खान ने उनसे पहले से कटवाए गए 2 किलो 600 ग्राम मुर्गे का पैसा मांगा, तो आरोपी विवाद करने लगे। उन्होंने कहा कि पैसा नहीं देंगे, बल्कि ठेला संचालक ही उन्हें पैसा दे। बात बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू की, गुस्से में आकर ठेले पर रखे अंडों पर लात मारी और उन्हें फोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने बैग में रखे दिन भर की कमाई के रुपये छीन लिए और भाग गए। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साहिल ने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved