रीवा के नवीन जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार सुबह पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई, जिसमें RDX का जिक्र किया गया है। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर को तत्काल सील कर दिया गया और सभी अधिवक्ताओं, न्यायिक सदस्यों व कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ता और साइबर टीम को बुलाया गया।
एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। प्रत्येक कोर्ट रूम, चैंबर और अन्य स्थानों की जांच की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की भी वैरिफिकेशन कर रही है। जानकारी के मुताबिक प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज को धमकी की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह जांच का विषय है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल परिसर में किसी की एंट्री नहीं दी जा रही है और बाहर अधिवक्ता व अन्य लोग इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने साइबर टीम के माध्यम से ईमेल की जांच शुरू कर दी है। तलाशी पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments
Post a Comment