Sidhi News : सीधी में मोहनिया टनल में भीषण हादसा, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Wednesday, 7 January 2026

/ by BM Dwivedi

सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में मोहनिया टनल में भीषण हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रही बाइक और रीवा से सीधी की ओर जा रही बोलेरो वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार रोहित सेन निवासी ग्राम महसाव, जिला रीवा अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर टनल के रास्ते घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे। 

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोग और पुलिस पहुंच गई। घायल दोनों युवकों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल, रीवा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है। बोलेरो चालक आनंद कुमार शर्मा ने चुरहट थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चेक पोस्ट प्रभारी मोहनिया चक्रधर प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक सवार रॉन्ग साइड से टनल की ओर आ रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved