रीवा के नवीन जिला न्यायालय परिसर में आज भारी हंगामा मच गया। अधिवक्ताओं के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद जब ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी कोर्ट परिसर में घुसी, तो आक्रोशित वकीलों ने जमकर विरोध किया और ट्रैफिक पुलिस को खदेड़ दिया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस को अपना वाहन छोड़कर भागना पड़ा। परिसर में पहले से ही अधिवक्ताओं के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है। सभी गेट बंद कर दिए गए हैं, सर्विस बिल्डिंग की बिजली काट दी गई है, चाय-नाश्ते की व्यवस्था रोक दी गई है और वकीलों को गाड़ियां बाहर पार्क करके पैदल करीब एक किलोमीटर चलकर अदालत तक पहुंचना पड़ रहा है।
इसके विपरीत जजों की गाड़ियां, पुलिस की गाड़ियां, पटवारी और अन्य कर्मचारियों के वाहन बिना किसी रोक-टोक के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। अधिवक्ताओं का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस ने साइलेंट जोन होने के बावजूद माइक से अनाउंसमेंट कर वकीलों को धमकाया और चालान की बात कही, जबकि कोई अधिवक्ता की गाड़ी अंदर नहीं थी। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और उन्हें परिसर से बाहर खदेड़ दिया। बाद में मौके पर पहुंची विश्वविद्यालय थाना पुलिस को भी कोर्ट परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया।
अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और डिस्ट्रिक्ट जज के खिलाफ आवाज बुलंद की। वकीलों का कहना है कि पिछले 3 महीनों से डिस्ट्रिक्ट जज द्वारा लगातार भेदभाव किया जा रहा है। पहले बम धमकी के नाम पर अस्थायी व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन अब इसे स्थायी रूप देकर अधिवक्ताओं को अपमानित किया जा रहा है।

No comments
Post a Comment