रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय में सोमवार को ओपीडी का सर्वर पूरी तरह डाउन हो गया, जिससे हजारों मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों को डॉक्टरों से मिलने के लिए 3-3 घंटे तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। कई मरीजों को दो-दो बार लाइन में लगना पड़ा, जिससे दूरदराज के इलाकों से आए मरीज विशेष रूप से प्रभावित हुए। मरीजों में काफी आक्रोश देखा गया। अस्पताल प्रशासन ने सर्वर फेल होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मरीजों को सीधे चिकित्सक कक्ष में पर्ची बनाने की सुविधा दी, लेकिन सोमवार को अपेक्षाकृत अधिक भीड़ होने के कारण इस व्यवस्था से ज्यादा राहत नहीं मिली।
बता दें कि संजय गांधी चिकित्सालय में ओपीडी, भर्ती और जांच के लिए ऑनलाइन पर्ची व्यवस्था लागू है। सामान्य दिनों में एक पर्ची काटने में एक मिनट से भी कम समय लगता है, लेकिन सोमवार को भोपाल स्थित हाईटेक कंपनी का सर्वर डाउन रहने से एक पर्ची बनाने में 5-6 मिनट तक का समय लग रहा था। यह समस्या नई नहीं है। महज तीन दिन पहले भी सर्वर फेल होने से मरीजों को खासी परेशानी हुई थी। अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक इस बार-बार होने वाली तकनीकी खराबी का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

No comments
Post a Comment