रीवा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में ‘गणेश कलेक्शन’ और ‘गुप्ता हैंडलूम स्टोर’ पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की लपटों ने दोनों दुकानों में रखा सारा सामान नष्ट कर दिया। अनुमान के अनुसार, दुकानदारों को कुल मिलाकर करीब 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें ‘गणेश कलेक्शन’ के गल्ले में रखा करीब 1 लाख रुपए नकद कैश भी आग की भेंट चढ़ गया।
दुकान संचालक रामनरेश जायसवाल और मनीष पुरवार घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने रात में दुकानों से उठता धुआं और आग की लपटें देखते ही तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों का अधिकांश सामान जल चुका था।
आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने मौके का मुआयना किया और हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के राज से पर्दा उठ सके।

No comments
Post a Comment