मऊगंज। हनुमना हाइवे पर शुक्रवार रात बनारस से जबलपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार की अचानक सामने आए आवारा गोवंश से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक यात्री घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर कर दिया गया है। हादसा इतना भीषण था कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में सवार अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गोवंश के शव के कारण कुछ देर तक हाइवे पर यातायात बाधित रहा। सूचना पर हनुमना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों ने हाइवे पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं और प्रशासन को इनको रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। लोगों ने मवेशियों के लिए उचित प्रबंधन और हाइवे पर सुरक्षा उपायों की मांग की है।

No comments
Post a Comment