रीवा जिले के त्यौंथर तहसील के मनिका धान खरीदी केंद्र पर बारदाना की कमी के कारण किसानों का धान तौल नहीं हो पा रहा है। इससे परेशान किसानों ने सोमवार को सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारी किसानों को समझाने में जुटे रहे। जानकारी के अनुसार, मनिका खरीदी केंद्र पर कई दिनों से बारदाना उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों के धान की तौल रुकी हुई है। बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर डटे हुए हैं, लेकिन बारदाना न होने से उनका धान नहीं तौला जा रहा। इसके अलावा किसानों के स्लॉट की तिथि भी समाप्त होने वाली है, जिससे वे और अधिक परेशान हो गए।
आक्रोशित किसानों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बारदाना शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। क्षेत्र में धान खरीदी सुचारू रूप से चलाने के लिए बारदाना की पर्याप्त व्यवस्था न होने से किसान लगातार परेशान हो रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

No comments
Post a Comment