रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अनंतपुर में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विप्रेश पांडे निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज के रूप में हुई है। [ad] वह शहर के समदरिया रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आत्महत्या के पीछे गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के परिजनों के मुताबिक विप्रेश उसी मकान में एक युवती के साथ रहता था। घटना के समय उसी मकान के दूसरे कमरे में एक अन्य युवक सत्यम तिवारी और वह युवती मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि युवती का सत्यम तिवारी से संबंध था और वह विप्रेश को भी “फंसाकर” रखी थी। दोनों युवकों के बीच टकराव हुआ। परिजनों के मुताबिक, विवाद और मानसिक प्रताड़ना के चलते विप्रेश ने यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी युवती के गांव से कुछ लड़के आए थे और मारपीट की नौबत आई थी। परिजनों ने मांग की है कि युवक और युवती के बयान अलग-अलग जगह लेकर दर्ज किए जाएं, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है।

No comments
Post a Comment