Rewa News : चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, उल्टा लटकाकर डंडे बरसाए, वीडियो वायरल

Thursday, 8 January 2026

/ by BM Dwivedi


रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में चोरी के आरोप में एक युवक को बेरहमी से पीटे जाने का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन युवक शामिल दिख रहे हैं—एक पीड़ित को पकड़कर उल्टा लटकाए हुए है, दूसरा डंडे से लगातार वार कर रहा है, जबकि तीसरा पूरी घटना का वीडियो बना रहा है और गालियां देते हुए जोर से मारने के लिए उकसा रहा है।

लगभग 7.20 मिनट लंबे इस वीडियो में पीड़ित बार-बार रहम की भीख मांगता नजर आ रहा है। वह हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता है और कहता है, "मर जाऊंगा, छोड़ दो।" इस पर वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कहता है, "चोरी करते समय नहीं मरा, मार खाने से मर जाएगा।" पकड़े हुए युवक की ओर से भी टिप्पणी आती है—"और चोरी करेगा।" इसी बीच वीडियो बनाने वाला चिल्लाता है, "जल्दी-जल्दी मार, साले से नाम उगलवाओ।"मारपीट के दौरान डंडा बरसाने वाले युवक को फोन आता है, जिसे वह पीटते हुए ही उठाता है और कहता है, "आ रहा हूं, जल्दी आ रहा हूं।"
पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गढ़ थाना प्रभारी के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपी युवकों और पीड़ित की पहचान की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर रीवा क्षेत्र में कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति को उजागर करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध की स्थिति में कानूनी कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दर्ज कराएं, न कि खुद सजा दें।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved