सीधी शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित गांधी विद्यालय के पीछे एक खेत में गुरुवार सुबह करीब पांच माह का मानव भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और डायल 112 तथा कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भ्रूण को कपड़े से ढककर सुरक्षित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया है और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
जमीन के मालिक आनंद सिंह के पुत्र विक्रम सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब साढ़े 9 बजे लोगों से इस घटना की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे और भ्रूण को देखने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच के सभी आयामों पर काम किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब भ्रूण के स्रोत, फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान और संभावित अपराध की जांच में जुटी हुई है।

No comments
Post a Comment