सीधी जिले के सिहोलिया गांव में पारिवारिक कलह और कथित प्रताड़ना से परेशान एक 27 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दो दिन अस्पताल में जिंदगी से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई। मौत से पहले युवक ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक की पहचान प्रवीण उर्फ दादू पांडेय निवासी सिहोलिया के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, प्रवीण का विवाह लगभग दो वर्ष पहले सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के धानी-पड़री गांव में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही दांपत्य जीवन में तनाव शुरू हो गया। कुछ समय पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने प्रवीण ससुराल गया था, लेकिन वहां विवाद और बढ़ गया। ससुराल पक्ष से गाली-गलौज और धमकियों के बाद वह निराश होकर गांव लौट आया। लगातार मानसिक तनाव में रहने के कारण शनिवार को उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल सीधी ले गए, जहां से गंभीर हालत में उसे संजय गांधी मेडिकल कॉलेज, रीवा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। बहरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

No comments
Post a Comment