रीवा जिले के इकलौते शासकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने आज कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज में व्याप्त कई गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की। छात्राओं ने बताया कि वाशरूम की अत्यधिक गंदगी के कारण लड़कियां उनका उपयोग ही नहीं कर पा रही हैं, कैंपस में लगे चार-पांच वाटर कूलर बंद पड़े हैं और पीने के पानी के लिए तरसना पड़ता है, लाइब्रेरी में किताबें 5-6 साल पुरानी और सिलेबस से बाहर हैं, प्रैक्टिकल के लिए तीन साल से केमिकल एक्सपायर पड़े हैं, स्पोर्ट्स ग्राउंड और कॉमन रूम की कोई व्यवस्था नहीं है।
इसके अलावा दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को सीसी के नाम पर बार-बार बुलाकर परेशान किया जाता है और 2 हजार रुपये तक की मनमानी राशि वसूलकर ही काम किया जाता है। एक ही टीचर द्वारा बीए-एमए के सारे विषय पढ़ाए जाने की भी शिकायत की गई। छात्राओं ने कहा कि हर साल ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुधार नहीं होता, इसलिए यदि एक सप्ताह के अंदर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी। प्राचार्य ने ज्ञापन लेने के बाद कहा कि विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर जल्द समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा सफाई, पानी, कैमरे, कॉमन रूम जैसी व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है।

No comments
Post a Comment