Rewa News : रीवा में बोरे में मिला महिला का कंकाल, दो टुकड़ों में था सर, हत्या की आशंका

Wednesday, 18 February 2026

/ by BM Dwivedi

रीवा जिले के डभौरा थाना क्षेत्र के तराई अंचल में स्थित अकौरी जंगल में आज एक बेहद सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहों ने एक बोरे में बंद मानव कंकाल देखा, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने शव को किसी महिला का होने की पुष्टि की है। बोरे के अंदर हड्डियां टुकड़ों में मिलीं, जिसमें सिर दो हिस्सों में बंटा हुआ था। साथ ही पसलियां, हाथ-पैर के टुकड़े, लेडीज लेगिंग, टूटी हुई चूड़ियां और बड़े बाल भी बरामद हुए। 

इन सबूतों के आधार पर पुलिस का मानना है कि यह किसी महिला का कंकाल है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात महिला की हत्या की गई, शव को चादर या कपड़े में लपेटकर बोरे में बंद किया गया और सुनसान जंगल में फेंक दिया गया। घटनास्थल पर कोई पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में लापता महिलाओं के बारे में पूछताछ शुरू की है, लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, यह शव करीब 5 महीने पुराना लग रहा है, जिसमें हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। यह इलाका उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है, इसलिए संभावना है कि महिला यूपी की रहने वाली हो और हत्या के बाद शव को मध्य प्रदेश की सीमा में लाकर फेंका गया हो।पुलिस ने कंकाल को जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का सही कारण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकेंगी। पुलिस की टीम मृतका की पहचान और हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है।

Next Story Older Post Home

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved