रीवा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर दोस्ती के बाद एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ और वह गर्भवती हो गई। बीती रात गांधी स्मृति चिकित्सालय में लड़की ने मृत नवजात को जन्म दिया। लोक-लाज और सामाजिक दबाव के कारण परिजन लंबे समय तक चुप रहे, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
प्राथमिक जांच के अनुसार, पीड़िता की फेसबुक पर एक युवक से दोस्ती हुई थी। ऑनलाइन बातचीत के बाद दोनों की कई मुलाकातें हुईं। आरोपी ने शादी का झांसा देकर बार-बार नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर युवक ने संपर्क तोड़ लिया और बातचीत बंद कर दी।
परिजनों ने लोक-लाज के डर से किसी को नहीं बताया और समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं ली। देर रात अचानक प्रसव पीड़ा होने पर परिजन लड़की को अस्पताल के गायनी वार्ड में भर्ती कराए। अस्पताल प्रबंधन ने सूचना देते ही सगरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के साथ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
एसडीओपी उदित मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी रीवा शहर का ही निवासी है, जिसकी पहचान हो चुकी है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
यह घटना सोशल मीडिया पर अंधाधुंध दोस्ती और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी स्थिति में तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

No comments
Post a Comment