Rewa News : रीवा-सीधी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौ#त, चार घायल

Sunday, 22 February 2026

/ by BM Dwivedi


रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेरुई के समीप आज दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और एक ऑटो के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो में सवार गणेश पांडेय निवासी गेरुई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए SGMH रीवा में भर्ती कराया गया। जहां फिलहाल तीन घायलों भोला रावत, सागर विश्वकर्मा और शिवम जायसवाल का इलाज अस्पताल में जारी है।

जबकि एक घायल महिला को परिजनों ने निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रही थी, जबकि स्कॉर्पियो सीधी से रीवा की दिशा में आ रही थी। पेट्रोल पंप के आसपास भीड़-भाड़ वाले इलाके में दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हुई, जिसके कारण ऑटो पलट गई।

ऑटो में कुल पांच लोग सवार थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें उसमें डंडे और चाकू बरामद हुए हैं। इस संबंध में भी जांच जारी है। हादसे के कारण रीवा-सीधी मार्ग पर कुछ देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved