मध्य प्रदेश में इन दिनों गर्मी का दौर शुरू हो गया है, लेकिन सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है। रीवा जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और आज सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर के समय झमाझम बारिश हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों के लिए यह राहत के बजाय चिंता का विषय बन गई है। स्थानीय किसानों के अनुसार, मसूर और सरसों की फसलें पूरी तरह पक चुकी हैं और इनकी कटाई का काम जोर-शोर से चल रहा है।
ऐसे में अचानक हुई बारिश से इन फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में खड़ी फसलें भीगने से कटाई में देरी हो सकती है।हालांकि, गेहूं की फसल अभी विकास के चरण में है, इसलिए इस हल्की बारिश से उसे कुछ फायदा मिल सकता है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो तैयार फसलों का नुकसान बढ़ सकता है, जबकि गेहूं को इस समय नमी की जरूरत थी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में रीवा और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम फिर से साफ होने और तापमान में वृद्धि की उम्मीद है।

No comments
Post a Comment