Rewa News : सेप्टिक टैंक के लिए हैवी ब्लास्टिंग से आसपास के घरों को भारी नुकसान, कई लोग घायल

Monday, 23 February 2026

/ by BM Dwivedi

रीवा शहर के विश्वविद्यालय थाने अंतर्गत अंबेडकर नगर मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में सेप्टिक टैंक की खुदाई के लिए की गई हैवी ब्लास्टिंग ने आसपास के घरों को भारी नुकसान पहुंचाया है। घटना आज सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब ब्लास्टिंग के दौरान बारूद के विस्फोट से हवा में उड़े पत्थरों ने पड़ोसी घरों पर गिरने लगे। इससे कई घरों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, एक घर की पूरी दीवार तक गिर गई और छोटे-छोटे बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। पीड़ितों के अनुसार, ब्लास्टिंग इतनी जोरदार थी कि पत्थर दूर तक उड़कर घरों की छतों और दीवारों पर गिरे, जिससे घरों में काफी नुकसान हुआ। 

पीड़ित महेंद्र दाहिया ने बताया कि उनका पूरा घर प्रभावित हुआ है, दीवारें फट गई हैं और बच्चों की पीठ तक पर चोटें आई हैं। पीड़ितों का आरोप है कि निर्माण करवा रहे व्यक्ति डॉक्टर विष्णुकांत तिवारी के दामाद पहले से ही पड़ोसियों को गाली-गलौज देते थे। विरोध करने पर उन्होंने जान से मरने की धमकी भी दी। पीड़ितों ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में इतनी हैवी ब्लास्टिंग नियमों के विरुद्ध है, फिर भी बिना अनुमति या सावधानी के बारूद का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित महेंद्र दाहिया ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved