Rewa News : रीवा के संजय गांधी अस्पताल में बच्चे के लापता होने से मचा हड़कंप

Wednesday, 25 February 2026

/ by BM Dwivedi

रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में एक ढाई वर्षीय मासूम बच्चे के  अचानक लापता होने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। बच्चे की मां दवा लेने काउंटर पर गई हुई थीं, इसी दौरान छोटा बच्चा बेड से उठकर अस्पताल के बाहर निकल गया। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली सुनीता अपनी बेटी जूही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराई हुई थीं। 

सुबह उन्होंने अपनी बेटी के पास ढाई साल के बेटे रिवांश कुमार को बेड पर बैठाकर दवा लेने के लिए काउंटर पर चली गई। वापस लौटने पर बच्चा गायब था। घबराहट में मां ने पूरे अस्पताल परिसर में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिल रहा था। इस बीच अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल चौराहे के पास अकेले भटकते हुए बच्चे को देख लिया। 

उन्होंने तुरंत बच्चे को सुरक्षित पकड़ा और अस्पताल पुलिस चौकी में पहुंचाया। वहां अधिकारी को सूचना दी गई और बच्चे के माता-पिता की तलाश में अनाउंसमेंट करने की तैयारी शुरू हो गई थी। ठीक उसी समय तलाश में लगी मां सुनीता भी चौकी पहुंच गईं। अस्पताल प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों की त्वरित और सतर्क कार्रवाई से बच्चा सुरक्षित रूप से मां के पास पहुंच गया।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved