Mauganj News : वीआईपी मूवमेंट से ठीक पहले पुलिस ने बस का कांच तोड़ा, गुस्साए ड्राइवर ने लगाया जाम

Thursday, 26 February 2026

/ by BM Dwivedi

मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के सलैया गांव के पास खटकरी में बुधवार को वीआईपी मूवमेंट से ठीक पहले एक बस के कांच तोड़ने और उसके जवाब में ड्राइवर द्वारा हाईवे पर बस खड़ी कर जाम लगाने की घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। राज्यपाल के कार्यक्रम के लिए होने वाले मूवमेंट के चंद घंटे पहले हुई इस वारदात ने आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया था। 

जानकारी के अनुसार, द्विवेदी ट्रेवल्स की एक बस सवारियों को लेकर शाहपुर से रीवा की ओर जा रही थी। खटकरी के समीप पहुंचते ही वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बस चालक का कुछ विवाद हो गया। विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों ने लाठी-डंडे से बस के सामने के कांच पर वार किया, जिससे कांच पूरी तरह टूट गया। इससे आक्रोशित बस चालक ने बस को हाईवे पर ही बेड़ा खड़ा कर दिया और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जाम लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

चालक ने थाना प्रभारी पर बस में डंडा मारकर कांच तोड़ने का आरोप लगाया है। वीआईपी मूवमेंट के कारण समय पर जाम खुलवाना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस ने किसी तरह बस को सड़क किनारे हटवाकर आवागमन बहाल कराया, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved