रीवा: होली के त्योहार से पहले उपभोक्ताओं को सुरक्षित मिठाइयाँ उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत न्यू बस स्टैंड क्षेत्र की प्रमुख मिष्ठान दुकानों की जांच की गई।
सबसे पहले शिवा मिष्ठान भंडार में जांच हुई, जहां किचन अत्यधिक गंदा मिला। मिठाइयाँ और समोसे खुले में सड़क किनारे बेचे जा रहे थे, जहां मक्खियाँ बैठ रही थीं और धूल-मिट्टी से सामग्री दूषित हो रही थी। गुणवत्ता पर शंका होने से मिल्क केक और बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए गए।
फॉरएवर स्वीट्स में भी पेड़ा और बर्फी के नमूने लिए गए। प्रभारी को स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। बता दें कि पिछले साल इसी दुकान में अस्वच्छता पाए जाने पर ADM न्यायालय में मामला चल रहा है।मधुरम रेस्टोरेंट से भी बर्फी, मगज लड्डू और नमकीन के नमूने मिलावट की शंका पर जांच हेतु भेजे गए।
टीम में संभागीय उड़न दस्ता प्रभारी अमरीश दुबे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी साबिर अली, शकुंतला मिश्रा और रश्मि शुक्ला शामिल रहे। अभियान के तहत होली से पहले सभी मिष्ठान विक्रेताओं की जांच जारी रहेगी।

No comments
Post a Comment