सीधी जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों की बढ़ती गतिविधियों के कारण प्रशासन और वन विभाग ने सतर्कता बरती है। रविवार को हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर 25 गांवों में अगले दो दिनों तक बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद करने का फैसला लिया गया है। वन विभाग के एसडीओ बादशाह रावत ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
करीब 35 कर्मचारियों की एक विशेष टीम प्रभावित क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में तैनात की गई है, जो स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, घरों में बिजली स्वेच्छा से बंद रखें और रात के समय केवल मोमबत्ती या सुरक्षित वैकल्पिक प्रकाश स्रोत का उपयोग करें। इससे हाथियों को आकर्षित करने वाली तेज रोशनी से बचा जा सकेगा।
वन विभाग ने ग्रामीणों से पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी समय बिजली बंद होने की स्थिति में तैयार रहने का आग्रह किया है। यह कार्रवाई मानव और हाथियों की सुरक्षा के लिए की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में तेज रोशनी, शोर-शराबा और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी गई है। यदि कहीं हाथी दिखाई दें, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।

No comments
Post a Comment