रीवा शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं और कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें लग रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जबकि बाजार में इन्हीं सिलेंडरों की कालाबाजारी तेजी से बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि एजेंसियों से सीमित संख्या में सिलेंडर दिए जा रहे हैं और दलालों के जरिए वही सिलेंडर 1700 से 2000 रुपए तक में बेचे जा रहे हैं।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग और स्लॉट कन्फर्म होने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई है, घरेलू सिलेंडर की सप्लाई सामान्य है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आ रही है। परेशान उपभोक्ताओं ने प्रशासन से कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई और एजेंसियों में पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments
Post a Comment