रीवा जिले में मुंबई से जीप चोरी कर भागे एक आरोपी को पुलिस ने दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार काले रंग की जीप में सवार एक युवक द्वारा कारतूस की बिक्री करने आने की सूचना मिलने पर एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के निर्देश पर लालगांव चौकी पुलिस ने भटवा हिनौती के पास घेराबंदी की। जैसे ही वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में वाहन चोरी का निकला।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज सिंह निवासी सोनवरसा थाना गढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुंबई में रहकर कैब चलाता था और महाराष्ट्र के पनवेल क्षेत्र से एक थार गाड़ी चोरी कर रीवा पहुंचा था। इसके बाद वह उसी वाहन से उत्तर प्रदेश के बांदा गया, जहां से दो जिंदा कारतूस खरीदकर गढ़ थाना क्षेत्र में बेचने के लिए आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र में मादक पदार्थ अधिनियम के एक मामले में भी फरार चल रहा था। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं होने के कारण उसके संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है।

No comments
Post a Comment