रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र (पटेहरा चौकी) में 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी और वारदात को सड़क हादसा साबित करने के लिए शव के ऊपर जेसीबी मशीन चढ़ा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान पटेहरा निवासी 18 वर्षीय दुर्गेश कोल पिता पप्पू कोल के रूप में हुई है। वह पेशे से जेसीबी चालक था। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात तलरी पोखरी के पास उसका कुछ लोगों के साथ शराब के नशे में विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
1 किमी दूर ले जाकर रची साजिश
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची। सूत्रों के मुताबिक, वे शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर ले गए और उसके ऊपर जेसीबी मशीन चढ़ा दी, ताकि मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो। इसके बाद पुलिस को हादसे की फर्जी सूचना दी गई, जिससे प्रारंभिक जांच भटकाई जा सके।
अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच जारी
घटना की वास्तविकता सामने आने पर एसडीओपी डभौरा नारायण कुम्हारे और थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जवा भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस अंधे कत्ल की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

No comments
Post a Comment