शिवाली चतुर्वेदी बनी नगर पुलिस अधीक्षक रीवा, सच्चितानंद गये सीधी

Saturday, 26 November 2022

/ by BM Dwivedi


रीवा. अनूपपुर जिले के कोतमा से रीवा शहर की कानून व्यवस्था संभालने आये शहर एसपी सच्चितानंद ने ऐसी कोई उपलब्धि नहीं दिखाई जिसका कि बखान किया जाये। यह जरुर देखा गया कि शहर में दो सीएसपी बैठाने से वह अधिकारियों के नाम पर आंसू बहाते नजर आते रहे। खैर वक्त के साथ समय ढ़लता रहा सीएसपी का भी काम एसपी निभाते रहे या फिर एडिशनल एसपी। 26 नवबंर की शाम गृह विभाग मंत्रालय बल्लभ भवन से शहर वासियों को सौगात दे दी। शहर एसपी रहे सच्चितानंद को रीवा से हटाते हुये सीधी जिले के अजाक थाना का रास्ता दिखा दिया। और उनके स्थान पर एसएएफ की 10वीं बटालियन सागर में पदस्थ श्रीमती शिवाली चतुर्वेदी को नगर पुलिस अधीक्षक रीवा के लिए स्थानातंरित कर दिया। 

तेज तर्रार के साथ मृदुभाषी भी

बताया जाता है कि डीएसपी श्रीमती शिवाली चतुर्वेदी छतरपुर जिले की निवासी है जो पुलिस विभाग में तेज तर्रार के साथ ही मृदुभाषी के रूप में जानी जाती है। संभावना जताई जाती है कि एक सप्ताह के अंदर वह सागर से रीवा आकर शहर एसपी की कमान संभाल लेंगी।  इनके साथ ही त्योंथर अनुविभाग के एसडीओपी रहे समरजीत सिंह परिहार को एसएएफ 9 वीं बटालियन रीवा का कार्यवाहक सहायक सेनानी के पद पर तबादला कर दिया गया। त्योथर अनुविभाग में रहते हुये एसडीओपी समरजीत सिंह ने कई अंधी हत्या का खुलासा करने के साथ ही बम प्लांट करने वाले गिरोह को यूपी से पकडऩे में सफलता अर्जित की है। इतना ही नहीं वर्षो पूर्व त्योथर थाना अंतर्गत रायपुर सोनौरी में यूपी की एक युवती की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। जिसके आरोपी को जानते हुये भी पुलिस रायबरेली यूपी में घुस कर पकड़ लाने पर कांपती थी उक्त आरोपी मृतिका के मामा को एसडीओपी समरजीत सिंह परिहार रायबरेली से पकड़ कर रीवा घसीट लाये थे। इनके साथ ही गृह विभाग मंत्रालय ने एसएएफ 9 वीं बटालियन रीवा में रहे डीएसपी उदित मिश्रा को त्योथर अनुविभाग का एसडीओपी नियुक्त कर दिया है। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved