चलती बस में ड्राइवर को हार्टअटैक, ऑटो-बाइक सवारों को रौंदा, बस ड्राइवर समेत 2 की मौत, 6 घायल

Saturday, 3 December 2022

/ by BM Dwivedi

मध्यप्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर मेट्रो बस चला रहे एक ड्राइवर को अचानक हार्ट अटैक आ गया। जिसके चलते बस बेकाबू हो गई और एक ऑटो, बाइक और स्कूटी सवारों को कुचलते हुए आगे बढ़ती गई। दिल का दौरा पडऩे से ड्राइवर हरदेव पाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं दो बच्चों सहित 5 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार आधारताल से रानीताल के लिए रवाना हुई बस जब दमोह नाका के पास पहुंची तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस का ड्राइवर अपनी सीट पर बेहोश पड़ा था। बस ड्राइवर हरदेव पाल को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, शाम को गंभीर रूप से घायल हुए वृद्ध लड्डू प्रसाद गौर (60) की भी मृत्यु हो गई। वृद्ध ट्रांसपोर्ट कारोबारी थे। रेड सिग्रल के चलते चौराहे पर रुके हुए थे, तभी यह हादसा हुआ। 

यह पूरा घटनाक्रम चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से बस वाहनों को टक्कर मारते हुए नजर आ रही है। थोड़ी दूर जाकर बस फुटपाथ से टकराकराते हुए रुक जाती है। यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को बचने का मौका भी नहीं मिला।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved