टैंकर व कार के बीच हुई टक्कर, पुलिस को मिली 8 पेटी अंग्रेजी शराब व कट्टा, चालक पर मामला दर्ज

Saturday, 10 December 2022

/ by BM Dwivedi

 नईगढ़ी थाने के रामपुर गांव के समीप हुई घटना 

 

रीवा। शनिवार को एक तेज रफ्तार टैंकर और कार के बीच टक्कर हो गई। कार में सवार लोगों को मामूली चोट आई थी। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कार के अंदर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब व देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। कार में अंग्रेजी शराब लोड करके तस्कर पैकारी में बिक्री के लिए लेकर जा रहे थे। कार जैसे ही नईगढ़ी थाने के रामपुर गांव के समीप पहुंची तभी सामने से आ रहे एक डीजल टैंकर से टक्कर हो गई। इस दौरान कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार लोग घायल हो गए। 

इसे भी देखें :  मऊगंज स्टैंड में हत्या के बाद हुई लाखों की चोरी, पहरे पर उठी उंगली

घटना की जानकारी होने पर जब तक स्थानीय लोग पहुंचते उससे पहले ही कार में सवार घायल उसे निकाल कर फरार हो गए। मामला संदिग्ध देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें 8 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत 11500 रुपए बताई जा रही है। गाड़ी के अंदर एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ  जो हड़बड़ाहट में आरोपियों से छूट गया। नशा कारोबारी अवैध तरीके से अपने पास कट्टा रखे हुए थे। पुलिस ने फिलहाल कार क्रमांक सीजी 04 एच 5624 के चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरटीओ विभाग से वाहन मालिक का पता लगाकर कार्रवाई करेगी। आशंका जताई जा रही कि तस्कर पैकारी में बिक्री के लिए अवैध शराब की खेप लेकर जा रहे थे और भागने के चक्कर में टैंकर से टकरा गए। थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर ने बताया कि तस्करों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों का नाम सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved